मॉडर्न ऐरा की प्रधानाचार्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर। इंटर की छात्रा को भौतिक विज्ञान का पेपर देने से रोक कर उसके साथ धक्का मुक्की व गाली गलौच करने वाली मॉडर्न ऐरा की प्रधानाचार्य व सीबीएसई की जिला कोर्डिनेटर सीमा विश्वास के खिलाफ छात्रा के पिता ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव छाछरीमोड़ निवासी जिला पंचायत सदस्य राजवीर सिंह की पुत्री अनामिका मंगलवार को मॉडर्न ऐरा पब्लिक स्कूल में इंटर का भौतिक विज्ञान का पेपर देने गई थी। गेट पर तैनात स्टाफ ने अनामिका को अंदर भेज दिया, दो जगह तलाशी लेने के बाद अनामिका जब कक्ष में पेपर देने के लिए पहुंची तो कक्ष के बाहर ही प्रधानाचार्या सीमा विश्वास ने उसे रोक दिया। कहा कि दस बजे के बाद किसी का प्रवेश नहीं हो सकता। राजवीर सिंह के मुताबिक उनकी पुत्री दस बजकर दो मिनट पर स्कूल के अंदर पहुंच गई थी। इसके बाद भी प्रधानाचार्या ने उनकी पुत्री को पेपर देने से रोक दिया। उसके साथ बदसलूकी, गाली गलौच व धक्का मुक्की की। इस मामले की शिकायत उन्होंने डीएम सुजीत कुमार से की। पुलिस में भी तहरीर दी। बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली में सीमा विश्वास के खिलाफ छात्रा से धक्का मुक्की व गाली गलौच करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। शहर कोतवाल रामसेवक ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।