अमरोहा। नगर क्षेत्र में संचालित नगर पालिका की दुकानों के संचालकों पर पालिका के लाखों रुपये बकाया हैं। दुकानदारों को नोटिस भेजा गया है। बकाया जमा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ पालिका बेदखली की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
नगर क्षेत्र में पालिका की 350 दुकानें हैं। दुकानदारों पर 300 से 500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से किराए के रूप में नगर पालिका के करीब ढाई लाख रुपये से ज्यादा बकाया हैं। कई दुकानदार ऐसे भी हैं जिन्होंने महीनों से दुकानों का किराया ही नहीं जमा किया है। दुकानदारों को बेदखल करने का पालिका ने मन बना लिया है। दुकानदारों की सूची तैयार कर पालिका ने नोटिस जारी किए हैं। बुधवार को भी 13 दुकानदारों को नोटिस भेजकर किराया जमा करने को कहा गया है। इनमें पालिका की तीन दुकानें इंदिरा मार्केट में और दस वाटर वर्क्स कंपाउंड में हैं। इसके बाद किराया जमा न करने वाले दुकानदारों को बेदखल किया जाएगा। कर अधीक्षक मोहम्मद सुहैल खां ने बताया कि दुकानदारों को नोटिस भेजकर किराया जमा करने को केवल तीन दिन का वक्त दिया गया है। चौथे दिन पीपी एक्ट के तहत कार्रवाई कर दुकानदारों को बेदखल किया जाएगा।