अमरोहा। शादी समारोह में बिजनौर गए टेलर के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और जेवर समेत दो लाख का सामान चोरी कर लिया। चोरी की सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर लौट गई। पीड़ित ने तहरीर दे दी है। शहर कोतवाली के मोहल्ला इकरार नगर उबैद अली दिल्ली में जींस के कारखाने में टेलर है। परिवार के अन्य लोग घर ही रहते हैं। आरोप के मुताबिक परिवार के लोग बिजनौर स्थित रिश्तेदारी में शादी समारोह में शिरकत के लिए गए थे। रात में किसी समय दीवार फांदकर चोर घर में घुस गए। कमरे में रखे अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख का सामान चोरी कर लिया। रविवार की तड़के मोहल्ले के लोगों ने घर का ताला टूटा देखा और चोरी की जानकारी टेलर को दी। कुछ ही देर बाद परिवार के लोग घर पहुंच गए। कमरों में बिखरा समान और नकदी-जेवर गायब देख हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर देकर दो लाख का नुकसान बताया है।