धामपुर। गांव खदाना के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस के खिलाफ कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस एक मारपीट के मामले में आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई नहीं कर रही है। मारपीट के एक महिला का गर्भपात भी हो गया। पुलिस ने केवल प्राथमिकी दर्ज की।
गांव के राजेश कुमार, भारत सिंह, अमर सिंह, हरिराज, मेघ सिंह, जय सिंह, लेखराज सिंह, अतर सिंह, कैलाश सिंह, नृपेंद्र कुमार, थम्मन सिंह, सुरेश कुमार शुक्रवार को कोतवाली के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 16 अप्रैल को गांव के भोपाल की पत्नी बाला और उसका पुत्र मनु जंगल से घर आ रहे थे। रंजिशन गांव के शीशपाल आदि ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट की। बचाव में आई उनकी गर्भवती पुत्रवधू गीता को भी आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। मनु के सिर में गंभीर चोट आई हैं। मारपीट में गीता का गर्भपात हो गया। उनका कहना है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस ने केवल प्राथमिकी दर्ज की इतिश्री कर ली। जबकि मेडिकल परीक्षण में उनके पुत्र मनु को गंभीर चोट और पुत्रवधू का गर्भपात होने की पुष्टि हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी किए जाने की मांग की। उधर, सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि मेडिकल के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम करा कार्रवाई कराई जाएगी।