एक रात में दो घरों में चोरी
किरतपुर (बिजनौर)। शुक्रवार रात गांव पडला में गांव से बाहर मकान बनाकर रह रहे दो लोगों के घरों से चोर हजारों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवर ले गए।
रामकिशन वाल्मीकि जिले से बाहर काम करता है। उसने बीमार पत्नी के इलाज के लिए रुपये भेजे थे। शुक्रवार रात उसकी पत्नी व अन्य परिजन घर के भीतर सोए हुए थे। चोर रात को छत के रास्ते मकान में घुसे तथा एक कमरे का ताला तोड़कर बक्सा चुरा लिया। परिजनों के मुताबिक, बक्से में 60 हजार रुपये नकद व हजारों रुपये के जेवर रखे थे। सुबह तलाश करने पर परिजनों को जंगल में खाली बक्सा पड़ा मिला। इसके अलावा, चोरों करतार पुत्र परवीर के मकान की दीवार में नकब लगाकर घर में रखे 20 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। परिजनों ने शनिवार सुबह ग्राम प्रधान संजीव शर्मा के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को चोरी की तहरीर दी।