अनैतिक संबंध के चलतेे गजेंद्र की गई जान, हत्यारोपी गिरफ्तार
स्योहारा। पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुए गजेंद्र हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। मां के साथ अनैतिक संबंधों से नाराज महिला के पुत्र ने अपने साथियों की मदद से गजेंद्र की हत्या की थी। पुलिस ने एक हत्यारोपी को दबोचकर उससे हत्या का सारा राज उगलवा लिया है।
क्षेत्र के जंगल में 18 सितंबर को गांव के ही फूल सिंह के पुत्र 28 साल के पुत्र गजेंद्र का शव पड़ा मिला था। गजेंद्र ढाबे पर काम करता था। गजेंद्र काशीपुर से 16 सितंबर को शादी के लिए लड़की देखने के बहाने गांव आया था। पास के गांव में उसे शादी के लिए लड़की देखनी थी। रात में गजेंद्र गांव नवादाकेशो में मेला देखने गया था। परिजनों ने समझा कि गजेंद्र वापस काशीपुर चला गया। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही सोनू पुत्र बृजेश को गिरफ्तार करके उससे पूछताछ की तो उसने गजेंद्र की हत्या का सारा राज उगल दिया। थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि गजेंद्र का काफी समय से सोनू की मां से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गजेंद्र को सोनू ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना । सोनू ने गजेंद्र को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। 16 सितंबर को सोनू अपने साथियों के साथ गजेंद्र को नौमी मेला दिखाने के लिए गांव नवादा ले गया। वहां गजेंद्र को शराब पिलाने के बाद उसकी पिटाई की और गजेंद्र की शर्ट से गला दबाकर हत्या कर शव घसीट कर गन्ने के खेत में दिया। पुलिस ने सोनू का चालान कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस सोनू के साथियों की तलाश में जुटी है।