शेरकोट। मुहल्ला इमामबाड़ा स्थित एक मकान में शनिवार को गैस लीक होने के कारण सिलिंडर में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के एक सदस्य झुलस गया। जिस समय आग लगी, उस समय रसोई में तीन गैस सिलिंडर रखे हुए थे और इनमें से एक धमाके के साथ फट गया, जिससे मकान की दीवारों में दरारें आ गई। डेढ़ लाख की नकदी सहित करीब तीन लाख रुपये कीमत की संपत्ति आग में जल गई। करीब डेढ़ लाख की नकदी सहित करीब तीन लाख रुपये कीमत का सामान जल कर नष्ट हो गया।
मुहल्ला इमामबाड़ा निवासी वाहिद हुसैन ने बताया कि शनिवार को दुपहर के वक्त उसकी पत्नी शाहिदा मकान की दूसरी मंजिल पर बनी रसोई में खाना बना रही थी, इसी दौरान गैस के लिकेज होने से सिलिंडर में आग लग गई। परिवार के सदस्यों ने आग पर काबू पाने के लिए शोर मचाया, लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच रसोई में रखा एक सिलिंडर जोरदार धमाके साथ फट गया। लोगों ने वाहिद के आसपास के बने घरों को अनहोनी से बचने को खाली करा दिए, उन घरों की महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। इस दौरान लोगों की सूचना पर कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। मुहल्लेवासियों ने बताया कि इस दौरान आग बुझ़ाने का प्रयास करने पर गृह स्वामी वाहिद हुसैन का पुत्र आसिफ आग की लपटों से झुलस गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वाहिद हुसैन ने बताया कि उन्हें लग रहा है कि गैस के लिकेज होने से पाइप में लगी आग से सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ है।