शिवाला कलां। गांव इस्माइलपुर निवासी हरि सिंह का पुत्र कृष्णा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। परिवारीजनों ने बताया कि सोमवार को विद्यालय की मुख्य अध्यापिका नाजिया खातून ने खाना खाने के बाद कृष्णा से अपने झूठे बर्तन साफ करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात पर गुस्सा होकर शिक्षिका ने उसकी डंडे से पिटाई कर दी। पिटाई से कृष्णा बेहोश हो गया और उसकी आंख पर गहरी चोट आई है। मामले का पता लगने पर परिवारीजन ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। इसके बाद परिवारीजन छात्र को लेकर थाने पहुंचे और शिक्षिका के विरुद्घ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने छात्र को सीएचसी नूरपुर में भर्ती कराया। यहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। डरा सहमा छात्र अब स्कूल जाने को मना कर रहा है। उधर, शिक्षिका नाजिया खातून बर्तन न धोने पर पिटाई करने के आरोप को गलत बताया है। छात्र को खेलते समय फिसल कर चोट लग गई थी। परिजन बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।