बिजनौर। पुलिस ने कंभौर निवासी केवल सिंह की हत्या का खुलासा कर दिया है। केवल की हत्या पांच हजार के इनामी बदमाश शहजाद ने लूट में विफल रहने पर अपने साथी चांद के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने शहजाद की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।
एसपी अतुल शर्मा और सीओ सिटी गजेंद्र पाल सिंह के मुताबिक गांव कंभौर निवासी केवल सिंह की 27 अगस्त की शाम घर लौटते वक्त रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। केवल सिंह मजदूरी करके घर जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में मोहल्ला खत्रियान निवासी शहजाद उर्फ रंधावा को चांदपुर की चुंगी से दबोचकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शहजाद की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा खोखे के साथ बरामद किया है। शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी मोहल्ला चाहशीरी निवासी वसीम अहमद उर्फचांद के साथ लूट के इरादे से केवल को रोका था। केवल ने शोर मचाकर शहजाद को पकड़ लिया था। इसलिए केवल की गोली मारकर हत्या की गई। शहजाद पर कई मुकदमे दर्ज हैं और पांच हजार का इनाम घोषित है। शहजाद को छुड़ाने के लिए परिजनों ने सोमवार को थाने पर खूब हंगामा किया था। एसपी ने बताया कि उसके साथी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।