बिजनौर में विशाल हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ दाखिल परिवाद में बृहस्पतिवार को बयान नहीं हो सके। सीजेएम अर्पणा पांडेय ने वादी संजय सिंह के बयान दर्ज करने के लिए छह मार्च की तिथि नियत की है।
नया गांव निवासी संजय सिंह ने सीजेएम कोर्ट में दाखिल परिवाद में कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान उसके पुत्र विशाल की पेद्दा गांव के पूर्व प्रधान इकबाल से नौ फरवरी को कहासुनी हो गई थी। कहासुनी में विशाल ने इकबाल को थप्पड़ मार दिया था। इकबाल इस बात से उनसे रंजिश रखने लगा। दस फरवरी की शाम साढ़े सात बजे उसका पुत्र विशाल बाइक से सरकारी ट्यूबवैल का पानी बंद करने गया था।
इस दौरान गांव पेद्दा निवासी इकबाल, फुरकान, नफीस, इस्तखार, अकबर, हनीफ, शमीम व अनीस हथियारों से लैस होकर पहुंचे और उन्होंने घेरकर उसे गोली मार दी। चाकू व लाठी-डंडे से हमला कर आरोपियों ने विशाल को मौत के घाट उतार दिया। विशाल को बचाने का उसने प्रयास किया तो उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। नामजद आरोपी पीड़ित पक्ष को परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। परिवाद में सीजेएम से आरोपियों को तलब कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।