श्यामीवाला में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे
मंडावली। गांव श्यामीवाला में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। लाठी के वार से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को परिजनों ने जिला अस्पताल भर्ती कराया है। घायल के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ मंडावली पुलिस को तहरीर सौंपी है।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव श्यामीवाला में फुरकान, यूसुफ और नौशाद, शरीफ जमीन विवाद को लेकर रंजिश है। रविवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से वार किया। झगड़े के दौरान सिर में लाठी लगने से फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल फुरकान को परिजनों ने जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायल के भाई यूसुफ ने मारपीट के आरोपी नौशाद, शरीफ और दिलनवाज के खिलाफ मंडावली पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की हैै। आरोपी घर से फरार हो गए।
वहीं गांव शेखुपुरा आलम निवासी अशोक ने मंडावली पुलिस को तहरीर सौंपी है। आरोप है कि शनिवार की शाम गुड्डू, दीपक, तारी देवी ने बच्चों के बीच कहासुनी होने पर उसे, उसकी पत्नी सविता, उसके भाई की पत्नी रेशमा के साथ मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए।