अमरोहा। जोया से ईयरफोन लेने निकले राजमिस्त्री की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची डिडौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव खाता निवासी जोगेंद्र (26) राजमिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार की शाम जोगेंद्र बाइक से जोया ईयरफोन लेने के लिए घर से निकला था। लेकिन जैसे की बाइक नारंगपुर के निकट पहुंची तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक जोगेंद्र के घर नहीं पहुंचे पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। परिजन एकत्र होकर जोया के लिए निकले तो जोगेंद्र का शव हाईवे किनारे पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजमिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने डिडौली कोतवाली में अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दे दी है।