मकान और दुकान से लाखों की नगदी चोरी
चांदपुर। चोरों ने रविवार रात एक हैंडलूम के शोरूम और एक मकान से लाखों रुपये की नगदी सहित कीमत सामान चोरी कर लिया। सीओ और कोतवाली निरीक्षक ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
मोहल्ला सरायरफी पंजाबी कॉलोनी निवासी दो भाइयों विनय अरोड़ा, सुरेंद्र बजाज का मंडी कोटला में बजाज हैंडलूम के नाम से शोरूम है। रविवार रात चोर दुकान के पीछे बने रास्ते से ग्रिल और खिड़की तोड़कर दुकान में घुस आए। गल्ले का ताला तोड़कर करीब अस्सी हजार रुपये की नगदी, करीब सवा लाख रुपये के कंबल, पर्दे, चादरें आदि सामान चोरी कर ले गए। सुरेंद्र बजाज ने बताया कि चोरी का पता सोमवार सुबह करीब दस बजे दुकान खोलने पर चला। सूचना पर पहुंचे सीओ राजकुमार सिंह, कोतवाली निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने घटना की जानकारी ली और चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया।
उधर, मोहल्ला बाजार निवासी अफसर हाशमी के मकान की सेफ का ताला तोड़कर चोर करीब 55 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। अफसर हाशमी ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। वापस लौट कर देखा तो कमरे में रखी सेफ का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे रुपये गायब थे। मोहल्ला सरायरफी निवासी इसरार अहमद के रेलवे क्रासिंग के पास रखे खोखे का शटर तोड़कर उसमें से लाइट जलाने के लिए रखी छोटी बैट्री, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट आदि सामान चोरी कर लिया।