अमर उजाला ब्यूरो
अचलगंज। शादी के बाद पत्नी के मायके से न आने से क्षुब्ध युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह परिजनों को शव मिला। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अचलगंज के मानपुर गांव निवासी बिंदू (24) पुत्र राधेश्याम रविवार सुबह मायके में रह रही पत्नी को लिवाने गया था। शराब के नशे में आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान पत्नी ने उसके साथ रहने से मना कर दिया। बिंदू देर शाम लौटा और रात में कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों के अनुसार बिंदू का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। छह महीने पहले ही उसका दूसरा विवाह बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव बहुराजमऊ में हुआ था। सोमवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पिता ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से बंद न होने पर दरवाजा जैसे ही खुला बेटे को फांसी के फंदे पर देखा। मां की पहले मौत हो जाने और दोनों पत्नियों के छोड़कर चले जाने से पिता-पुत्र साथ में ही रहते थे। इकलौता होने के साथ ही वह कुछ करता भी नहीं था। पिता ही उसका खर्च उठाता था। बेटे की मौत से पिता बेहाल है।
- युवक की नशे की लत से परेशान पहली पत्नी से हो चुका है तलाक
- छह महीने पहले की थी दूसरी शादी, मनाने के बाद भी पत्नी नहीं आई