नांगलसोती/नजीबाबाद।
जालपुर में एक किसान के पशुओं को किसी ने जहर दे दिया। चंद घंटों में ही पांच पशुओं की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र के पशुपालकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया।
नांगल थाना क्षेत्र के गांव जालपुर निवासी किसान रूप सिंह की पशुशाला में बंधे पशुओं को किसी ने जहर खिला दिया। पांच पशु चंद घंटों में ही तड़प-तड़पकर मौत की नींद सो गए। उधर, किसान रूप सिंह बृहस्पतिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने नजीबाबाद आया था। देर शाम जब घर वापस लौटा तो पशुशाला में उसके पशु तड़प रहे थे। किसान ने तत्काल पशुओं का प्राइवेट पशुचिकित्सक के पास ले गया, मगर वह एक को भी नहीं बचाया सका। सूचना पर थानाध्यक्ष आरके सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीएम को घटना से अवगत कराया।
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच दल में शामिल पशु चिकित्सक डॉ. अंकित चौधरी, डॉ. निशांत ने मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम किया। डॉ. अंकित चौधरी ने प्रथम दृष्टया विषैला पदार्थ खाने से पशुओं की मौत होने की बात कही। उन्होंने बताया कि मृतक पशुओं का बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। कानूनगो कमल शर्मा ने किसान को हुए नुकसान का जायजा लिया। लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये तक की किसान को पशु हानि पहुंचने का अनुमान है।