दो लकड़ी चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बढ़ापुर। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली ने बताया कि रेंज क्षेत्र में वन अपराधियों की तलाश में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और वन अपराधों को रोकने के लिए रेंज क्षेत्र में विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार इस अभियान के तहत रविवार को वन दरोगा मोहित कुमार, वनरक्षक अमित कुमार, राहुल गिरी, बब्लू सादिक खां की वन गश्ती टीम धौलखंड बीट के कक्ष संख्या 4 में गश्त कर रही थी। पेड़ गिरने की आवाज पर वन टीम ध्वनि वाले स्थान पर पहुंची तो वनकर्मियों को अपनी ओर आता देख जंगल से यूकेलिप्टस के वृक्ष काटकर बुग्गी में भर रहे दोनों लकड़ी चोर जंगल में झाड़ियों का लाभ लेकर बैल साथ लेकर वहां से भाग निकले। वनकर्मियों ने मौके से लकड़ियों से भरी बुग्गी और वहां कटे पड़े यूकेलिप्टस के बोट बरामद कर उनको काशीवाला वन चौकी लाकर जमा कर लिया। इस मामले में वनरक्षक अमित कुमार की ओर से ग्राम पंचायत चकउदयचंद के गांव पक्का तालाब निवासी ताहिर, फैजान के विरुद्ध वन अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।