चांदपुर (बिजनौर)। पेट पर बम जैसा सिस्टम बांधकर एचडीएफसी बैंक में घुसने वाले युवक का पुलिस ने चालान कर दिया है। बृहस्पतिवार दोपहर धनौरा रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में घुसकर एक युवक ने शरीर पर बेल्ट में टाइम बम जैसा सिस्टम बांधकर बैंक मैनेजर और कर्मचारियों को आतंकित करते हुए 50 लाख रुपये बैग में भरने का दबाव बनाया था। युवक हाथ में शीशे की रॉड में हरे रंग का पदार्थ था, जिसे वह खतरनाक वायरस बता रहा था। युवक ने बैग में रुपये न डालने पर बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों को दस मिनट में ब्लास्ट होने की चेतावनी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले आई थी। बैंक मैनेजर गौरव प्रताप सिंह ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक गजरौला निवासी रोहिताश है। उसका धारा 387 में चालान कर दिया है।