शामली। अपनी बहन के पास रहकर पढ़ रहा एक सात साल का बालक शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। कई घंटे बाद पुलिस ने बालक को रोड़वेज बस अड्डे के पास से बरामद कर लिया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। मोहल्ला दयानंद नगर निवासी दीपक के पास के उसका सात वर्ष का साला वंश रहता है। कोतवाली पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह वंश घर से कही चला गया। काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। उन्होंने बालक को आसपास खोजा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।इससे परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को बच्चे के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत बालक की तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में कंट्रोल रूम से सभी डायल-100 की गाड़ियों को भी सूचित कर दिया। इंस्पेक्टर बिजेंद्र यादव ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बच्चा रोड़वेज बस अड्डे के पास होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस बच्चे को लेकर कोतवाली में आ गई तथा उसके परिजनों को सूचना दे दी। बच्चा मिलने की सूचना पर परिजनों ने चैन की सांस ली। पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों की सुुपुर्दगी में दे दिया।