स्कूल के चौकीदार की गोली लगने से मौत
नूरपुर। स्योहारा रोड स्थित आरआर पब्लिक स्कूल के चौकीदार की रविवार की सुबह गोली लगने से मौत हो गई। सोते वक्त पास रखी लाइसेंसी बंदूक का ट्रिगर दबने से हादसा होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम में भी मौके पर पहुंच कर आवश्यक तथ्य जुटाए है।
ग्राम गोपालपुर निवासी संजीव शर्मा (45) स्योहारा रोड स्थित आरआर पब्लिक स्कूल में करीब 12 वर्षों से रात को चौकीदारी करता था। उसके साथ शादपुर गुलाल निवासी गजेंद्र भी स्कूल में चौकीदार है। रविवार को दोनों स्कूल के रिसेप्शन हॉल में सोए हुए थे। संजीव वहां पड़े सोफे पर अपनी लाइसेंसी बंदूक के साथ सोया था, जबकि गजेंद्र अलग पलंग पर सो रहा रहा था। सुबह करीब पौने छह बजे एक धमाके की आवाज से गजेंद्र की आंख खुली तो सोफे पर संजीव को खून से लथपथ पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। संजीव की बंदूक उसकी गर्दन से सटी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी। गजेंद्र ने घटना की सूचना प्रधानाचार्य प्रणय मनु गुप्ता और चेयरमैन डॉ मनुजेंद्र गुप्ता को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह एवं कस्बा प्रभारी उमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक सुबूत जुटाए। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह का कहना है कि संभवतया सोते समय बंदूक का ट्रिगर दबने से चौकीदार की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उधर, संजीव की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, उनका व उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।