हल्दौर। स्कूल प्रबंधक कमेटी ने कॉलेज के खाते से अलग दूसरा खाता खुलवा लिया और लाखों रुपये की विद्यार्थियों की फीस हड़प ली। स्कूल में पार्टनर महिला ने मामले का पता चलने पर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी एसओ मेघराज सिंह के अनुसार गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी डॉ. ममता कपूर पत्नी दीपक कपूर ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह श्रीराम कॉलेज हल्दौर में पार्टनर हैं। प्रवीण कुमार गंभीर कॉलेज के प्रबंधक हैं। आरोप लगाया कि प्रबंधक व दूसरे पार्टनरों ने बिना उन्हें जानकारी दिए फर्जी चेक से स्कूल के खाते 71 हजार रुपये निकाल लिए। इन लोगों ने स्कूल के नाम से दूसरा खाता भी बैंक में खुलवा लिया तथा उसमें फीस आदि के जमा हुए लाखों रुपये हड़प लिए। ममता कपूर का कहना है कि पैसे का सारा लेन देन सोसायटी के खाते से ही होना चाहिए था। जब उन्होंने प्रबंधक व बाकी लोगों से जानकारी मांगी तो उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और जान से मारने की धमकी दी। ममता कपूर ने कॉलेज प्रबंधक प्रवीण गंभीर, अर्जुन कुमार, मोहिनी व मेघा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 420 व 406 में मामला पंजीकृत जांच शुरू कर दी है।