भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
बिजनौर। बाइक टकराने के विवाद में भीड़ ने दो युवकों की बाइक छीन ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और युवकों पर मोहल्ले के लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। भीड़ से जान बचाने लिए भगाई गाड़ी की चपेट में एक रिक्शा और कार आकर क्षतिग्रस्त हो गई ।
गांव कच्छपुरा निवासी नितिन और करनम किसी काम से मंगलवार शाम मोहल्ला चाहशीरी में बाइक से गए थे। वहां उनकी बाइक किसी से टकरा गई। इस बात अनस नामक युवक उनसे आ भिड़ा। फरमान नाम का युवक भी वहां आ गया। फरमान से नितिन और करनम का पहले से विवाद था। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। नितिन और करनम का आरोप है कि अनस और फरमान ने उनकी बाइक छीन ली। दोनों युवकों ने डायल 100 को बाइक छीनने की सूचना दी। डायल 100 गाड़ी में सवार होकर दोनों युवक पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद भीड़ ने युवकों और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। यह देख जान बचाने के लिए नितिन और करनम खुद डायल 100 को लेकर वहां से भागे। गाड़ी में पुलिस वाले भी सवार थे। गाड़ी एक रिक्शा और कार से टकरा कर दौड़ती हुई निकली। यह देख लोगों में खलबली मच गई। डायल 100 बाद में चांदपुर मार्ग पर खड़ी मिली। गाड़ी के पथराव में शीशे टूटे हुए थे। अनस का कहना है कि दोनों युवक उसे पीटकर भागे थे। कच्छपुरा के युवकों की ओर से अनस, फरमान को नामजद करते हुए 25 लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी गई है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की पुलिस तैयारी में लगी है। शहर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा के मुताबिक इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।