स्योहारा।
चालक को बंधक बना कर तीन युवक उसकी ई-रिक्शा और मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पीड़ित चालक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव शेखपुरा ठाठ नंगला निवासी कार्तिक गांव के आस-पास के क्षेत्र में रिक्शा चलाता है। उसने बताया कि वह ठाठ तिराहे पर सवारियों को इंतजार कर रहा था, तभी दो युवकों ने आकर उससे गांव गल्ला नंगला चलने के लिए कहा। वह उन्हें लेकर गल्ला नंगला के लिए चल दिया। रास्ते में गांव गंजापुल के पास एक युवक ने हाथ देकर रिक्शा रुकवा ली। तभी तीनों युवकों ने उसके कपड़ों से ही उसके हाथ, पैर और मुंह बांधकर उसे गन्ने के खेत में डाल दिया और उसकी ई-रिक्शा एवं मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उसने जैसे तैसे अपना बंधा मुंह खोला और शोर मचाया। शोर सुनकर राहगीरों ने उसको खोला। ई-रिक्शा चालक ने थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।