बाइक का फुटरेज टूटने पर युवक से भिड़ गए मोहल्ले के युवक
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अफगान कटकुई में बृहस्पतिवार की रात मामूली बात पर घर के बाहर खड़े युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के सीने में दायीं ओर लगी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर घायल को हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया। परिजनों की ओर से मोहल्ले के ही पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।
घटना रात करीब सवा आठ बजे उस समय हुई जब मोहल्ला अफगान कटकुई निवासी अरसद पुत्र जहीन अपने घर के पास खड़ा था। पास ही में मोहल्ले के चार-पांच लोग भी जमघट लगाए थे। इसी दौरान इन्हीं लोगों में से किसी की बाइक का फुट रेज टूट गया। इसी बात पर उक्त लोग गाली-गलौच करते हुए अरसद से भिड़ गए। मारपीट होने लगी। विरोध करने पर तमंचे से गोली चला दी। गोली अरसद के सीने में दायीं ओर जा घुसी। अरसद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले। पुलिस घायल को उठा कर सीएचसी ले गई। जहां चिकित्साधिकारी ने हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया।
एसएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के सीने में गोली लगी है, हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर मेरठ रेफर किया गया है, मोहल्ले के ही आरोपी सरताज, आफाक, राहुल, इस्माईल व सरताज के बेटे के खिलाफ तहरीर दी गई है, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।