सास और पत्नी को तीन दिन तक बनाया बंधक
अमर उजाला ब्यूरो
नजीबाबाद (बिजनौर)।
एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास को बंधक बनाकर मारपीट की। परिजनों की सूचना पर नगीना देहात पुलिस ने दोनों को मुुक्त कराया। इस मामले में पति सहित चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव अजुपुरा में उस समय खलबली मच गई, जब नगीना देहात पुलिस ने अहसान के घर पर दबिश दी। पुलिस ने अहसान की पत्नी और सास को बंधनमुक्त कराया। अहसान पर आरोप है कि वह पत्नी को परेशान करता था। तीन दिन पूर्व उसकी सास बेटी को लेने आई थी। तब से अहसान सास को भी बंधक बनाए हुए था। पीड़िता के रिश्ते के भाई ने शनिवार को नगीना देहात पुलिस को दोनों के बंधक होने की सूचना दी।
नगीना देहात थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को बंधनमुक्त कराकर मेडिकल कराया है। उन्होंने बताया कि पत्नी ने अपने वकील पति पर कुकर्म करने और गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता के रिश्ते के भाई की ओर से पति अहसान, भाई अकरम, संबंधी नदीम और फहीम को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, अभी कोई आरोपी हाथ नहीं आया है।
- पुलिस ने कराया मुक्त, मारपीट का आरोप, चार पर रिपोर्ट