आरिफ पर रासुका लगाने की तैयारी
बिजनौर/किरतपुर। पुलवामा हमले के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखकर वायरल करने वाला आरिफ पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने के बाद उस पर रासुका लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह संदेश वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। रविवार को किरतपुर का बाजार भी बंद रहा। पुलिस ने आरोपी युवक का चालान कर दिया है।
गांव सरकड़ा खेड़ी निवासी आरिफ ने व्हाट्सएप पर ‘जुगाड़ी बदमाश’ नाम से ग्रुप बना रखा है। पुलवामा में हमले के बाद उसने ग्रुप पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखकर मैसेज वायरल किए थे। आरिफ ने देश के नेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक मैसेज वायरल किए। ग्रुप के सदस्यों ने इसके स्क्रीन शॉट लेकर पुलिस से ट्विट पर शिकायत की। शिकायत होते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से रात में ही आरिफ को दबोच लिया। आरिफ के मैसेज का पता चलने पर सुबह क्षेत्र में रोष फैल गया। लोग सड़कों पर उतरने की तैयारी करने लगे। व्यापारियों ने आतंकवादियों के साथ-साथ आरिफ जैसे गद्दारों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने रविवार को बाजार बंद रखा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सोलंकी के अनुसार राजीव कुमार त्यागी, कन्हैया राणा, अमित अग्रवाल, संदीप चौधरी, अमन अरोड़ा, मयंक अग्रवाल की शिकायत पर आरिफ के खिलाफ देशद्रोह में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरिफ का चालान कर दिया है। आरिफ पर अब रासुका लगाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरिफ मुंबई में कुर्सी बनाने का काम करता है।