दरोगा हत्याकांड : अंधेरे में तीर चला रही पुलिस
बिजनौर।
दरोगा सहजोर सिंह मलिक की हत्या के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। खुलासे के लिए पुलिस अभी तक अंधेरे में तीर चला रही हैं। पुलिस को कोई ऐसा क्लू नहीं मिल रहा जो कातिलों तक पहुंचा दे। पुलिस छोटे से लेकर बड़े तक हर बिंदु पर जांच कर रही है। रोजना नए लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही हैं। पुलिस की हर टीम अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रहीं है। ठोस सबूत पुलिस के हाथ नहीं लगने से आला अफसर परेशान है।
मंडावर थाने के बालावाली पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा सहजोर मलिक के मर्डर ने पुलिस के होश उड़ा रखे है। खुलासे में लगी एसटीएफ बरेली समेत सभी टीम अभी तक नाकाम रही है। किसी भी टीम की समझ में नहीं आ रहा कि मर्डर किसने और क्यों किया? पुलिस ने खनन माफिया समेत तमाम लोगों से पूछताछ की पर नतीजा अभी तक सिफर रहा है। टीमें रोज पूछताछ के लिए नए लोगों को हिरासत में ले रही र्है। भतीजे की ससुराल के रिश्तेदारों तक से पूछताछ हो रही है। इलाके के सभी संदिग्धों को पुलिस खंगाल चुकी है। मर्डर का कोई ठोस सबूत अभी तक नहीं मिलने से महकमे के आला अफसरों के होश उड़े हुए है। अफसरों की भी समझ में नहीं आ रहा कि कातिलों तक कैसे पहुंचा जाए। डीआईजी बिजनौर में डेरा डाले हैं। एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक पुलिस की टीम केस के खुलासे में लगी है। कई बिंदुओं पर जांच हो रही है। जल्द खुलासा होगा।
पुराने एसओ और पुलिस कर्मियों को भी लगाया
दरोगा मर्डर के खुलासे को अफसरों ने मंडावर क्षेत्र में रहे तेजतर्रार पुलिस वालों को लगाया है। मंडावर में एसओ रहे कई पुराने दरोगा और पुलिस कर्मियों को भी खुलासे के लिए लगाया गया है। तमाम ऐसे पुलिस वाले है जो गैर जिलों में तैनात हैं, उन्हें भी बुलाया गया है। दरोगा सुरेंद्र पंचौरी को भी बुलाया गया है। सुरेंद्र पचौरी मंडावर में लंबे समय तक एसओ रहे हैं।
पिस्टल को खंगालाने में जुटी टीम
मंडावर। मुरादाबाद से आई विशेष दल जमीन से दरोगा के लूटे पिस्टल को खंगालाने में जुटी है। इस टीम ने इलाके का सारा जंगल खंगाल रखा है। यह टीम मशीन के जरिए जमीन से पिस्टल को ढूंढ रही है। जमीन में दबे विस्फोटक और अन्य सामान को मशीन के जरिए ढूंढने में यह टीम माहिर मानी जाती है। पुलिस को शक है कातिल कहीं लूटे गए पिस्टल को जमीन में तो नहीं दबा गए। या गंगा में तो नहीं फेेंक गए। इसलिए इस टीम को लगाया गया है। बालावाली से लेकर मंडावर तक गंगा का क्षेत्र है। बरसात शुरू होने से गंगा उफान पर है। ऐसे में गंगा में कोई सामान ढूंढना बेहद मुश्किल है।
रेलवे ट्रैक से पुलिस को मिला बैग, जांच में जुटी
पुलिस को जांच में दौरान घटना स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर बालीवाली रेलवे स्टेशन जाने वाले कच्चे मार्ग पर ट्रैक के पास से एक बैग मिला है। बैग में तीन जोड़ी कपड़े मिले है। ये कपड़े किसके हैं? पुलिस यह पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन मास्टर से ट्रेन के गुजरने के समय के बारे में मालूम किया। मर्डर के दौरान कौन सी ट्रेन गुजरी इसका भी पता किया जा रहा है। पुलिस ये भी मान रही है कि ट्रेन में सफर के दौरान किसी यात्री का बैग तो नहीं गिर गया। फिर भी पुलिस बैग के बारे में पूरी जांच पड़ताल करने में जुटी है। पुलिस को घटना स्थल के पास से मिली बाइक की नंबर प्लेट बहुत पुरानी निकली है।