अमरोहा। धनौरा पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पिछले दिनों धनौरा में हुई 26 पोलो का चौदह बंडल तार बरामद कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में तार चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो माह से देहात क्षेत्र में विद्युत तार चोरी की काफी घटनाएं हुईं। विद्युत विभाग के कुछ पेटी ठेकेदार दूसरे ठेकेदारों द्वारा लगाई गई विद्युत लाइन के तारों को चोरी कर अपने क्षेत्र मे लगा रहे हैं। मसले को गंभीरता से लेकर पूरे जनपद में अभियान चलाया जा रहा है। दस जुलाई की रात चोरों ने धनौरा थाना क्षेत्र में 26 पोलों का तार चोरी कर लिया गया था। जिसके चलते धनौरा इंस्पेक्टर नवाब सिंह फोर्स के नौगावां रोड पर चेकिंग कर रहे थे। तभी निर्माणधीन नहर के पुल के पास मुठभेड़ के दौरान रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव खाता निवासी अंकित, धनौरा के सलानगला निवासी शीशपाल और डींगरा निवासी विनय को गिरफ्तार कर लिया । जिनकी निशानदेही पर थाना धनौरा और रजबपुर थाना क्षेत्र में चोरी किया गया 14 बंडल तार मय वाहन के बरामद किया गया।