धामपुर। मोरनी देवी छात्रावास की छात्राओं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्रों ने सुविधाओं की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को एसबीडी कॉलेज में तोड़फोड़ और शिक्षिकाओं से अभद्रता की गई थी। इस मामले में शुक्रवार को कॉलेज और अभाविप कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर कालेज प्रबंधन के खिलाफ सीएम को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिक्षिकाओं काप्रतिनिधिमंडल कोतवाली से मिलकर कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार सुरेश कुमार को सात सूत्री ज्ञापन दिया। ज्ञापन में सीएम से भ्रष्ट प्रबंधन तंत्र से निजात दिलाने, छात्रावास में सुविधाओं को मुहैया कराने, मैनेजर आय संपत्ति की जांच कराने, पुरुष मैनेजर महिला कालेज से बाहर का रास्ता दिखा कार्यकारिणी के पदेन अध्यक्ष डीएम को प्रबंधक बनाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश मंत्री विवेक राज सोनी, रवि चौधरी, आकाश माहेश्वरी, सौरभ जोशी , विशाल शर्मा, उज्ज्वल रस्तोगी, अतुल सैनी, अंकित ठाकुर पारुल, अंजू रहीं।
उधर, एसबीडी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पूनम चौहान के नेतृत्व में कॉलेज की शिक्षिकाओं का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर कोतवाल राजेश चौहान से मिला। बृहस्पतिवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा कॉलेज में घुसकर की गई तोड़फोड़, विरोध करने पर शिक्षिकाओं के हुई अभद्रता को शर्मनाक घटना बताते हुए कोतवाल से अविलंब आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल राजेश चौहान का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम पर जल्द कार्रवाई करेगी। प्रतिनिधिमंडल में रेनु चौहान, फरहाना हाशिम, सारिका शर्मा, रेनुका सिंह, वर्षा अग्रवाल शामिल रहीं।