जेई पर बिना तलाक दूसरी शादी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
हल्दौर (बिजनौर)।
विद्युत निगम के जेई ने अपनी पत्नी को झांसा देकर दूसरी शादी कर ली। उसे तलाश करते हुए विवाहिता पति की दूसरी पत्नी के घर पहुंची। अपने पति को साथ ले जाने के लिए जमकर हंगामा किया। पति की पिटाई से क्षुब्ध होकर विवाहिता एसपी कार्यालय पहुंची। पति पर विभिन्न आरोप लगाते हुए पुलिस से उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
नीलम चौहान पुत्री रामप्रीत निवासी गांव टनकपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में स्थानीय बिजलीघर के जेई सत्यप्रकाश चौहान को अपना पति बताया। उसका आरोप है कि सत्यप्रकाश ने करीब दो वर्ष पूर्व उससे विवाह किया था। उसके कोई संतान नहीं है। वह अपनी ससुराल गांव मिशरोली जनपद मऊ में रह रही थी। शादी के कुछ दिन बाद से उसका पति उस पर मोटा दहेज लाने का दबाव बनाता था। वह अपनी पत्नी को छोड़कर हल्दौर में आकर रहने लगा। करीब साढ़े तीन माह पूर्व जेई अपनी पत्नी और मां रामरती को अपने घर से बिजनौर ले आया। दोनों को किराए का कमरा दिला दिया। कई दिनों तक जेई उनसे मिलने नहीं गया। नीलम करीब दो माह पूर्व पति को तलाशती हुई हल्दौर बिजलीघर पहुंची। जहां उसे बिजलीघर स्टाफ बताया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली।
हाल में उसकी दूसरी पत्नी को बच्ची पैदा हुई है। जेई ने उसको तलाक नहीं दिया था। इसके बाद विवाहिता हल्दौर में पति की दूसरी पत्नी के किराए के मकान पर जा धमकी और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि जेई ने विवाहिता को बुरी तरह पीटा और वहां से भगा दिया। विवाहिता अपनी सास को लेकर ससुराल पहुंची और मामले की जानकारी ससुरालियों, मायके वालों को दी। इस मामले को लेकर कुछ दिन पूर्व बिरादरी, रिश्तेदारों की विवाहिता की ससुराल में पंचायत हुई। पंचायत में मौजूद जेई ने अपनी पूर्व पत्नी के साथ रहने से साफ इंकार कर दिया। पंचों को चकमा देकर वह हल्दौर आ गया। सोमवार को नीलम एसपी कार्यालय पहुंची। उसने अपने पति पर दहेज में मोटी रकम मांगने मारपीट करने व बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।