बिजनौर(बिजनौर)। मंडावर पुलिस ने पांच दिन पहले हुए टिकेंद्र हत्याकांड के दोनों आरोपी को दबोच लिया है। पुरानी रंजिश के चलते दोनों ने जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद टिकेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। दोनों पर पांच हजार रुपये का इनाम था।
एसपी देहात डा. दिनेश सिंह के मुताबिक मंडावर थाने के गांव इनामपुरा निवासी धर्मपाल सिंह का 27 साल का पुत्र टिकेंद्र दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करता था। 13 सितंबर को वह छुट्टी पर घर आया था। गांव वाजिदपुर निवासी सौरभ कुमार और गांव इनामपुरा निवासी मुकुल देशवाल उसे घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि डंडों से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह घायल अवस्था में किसी तरह घर आया और परिजनों को सारी बात बताई। उपचार के दौरान रात में ही उसने दम तोड़ दिया। लाखन सिंह ने मुकुल और सौरभ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों फरार हो गए थे। पुलिस दोनों की तलाश में लग गई थी। साथ ही दोनों पर पांच - पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। एसपी के मुताबिक मंडावर पुलिस ने इनामपुरा के तिराहे से दोनों को दबोच लिया। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे भी बरामद कर लिए है। दोनों ने पुलिस को बताया कि टिकेंद्र के साथ दोनों एक स्कूल में पढ़ते थे। टिकेंद्र ने मुकुल को पीट दिया था। इस वजह से मुकुल और सौरभ उससे रंजिश रखने लगे थे। टिकेंद्र के दिल्ली से आने पहले दोनों ने एक स्थान पर डंडे छिपाकर रख लिए थे। दावत देेने के बहाने उसे घर से बुलाकर ले गए और डंडो से पीटकर घायल कर दिया। वह इस बात से पूरी तरह आश्वस्त हो गए थे कि टिकेंद्र अब बचेगा नहीं। दोनों उसे कंधे पर डालकर घर भी छोड़ आए थे। परिजनों को बताया था कि एक्सीडेंट में टिकेंद्र घायल हो गया है। इसके बाद वे फरार हो गए।