पुलिस ने अवैध शराब समेत दो युवक दबोचे
खतौली (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले दो शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कार समेत 12 अवैध शराब की पेटी बरामद की है।
कोतवाली में इंस्पेक्टर पीतम पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे सूचना मिली कि मेरठ की ओर से अवैध शराब कार में लाई जा रही है। पुलिस ने हाईवे स्थित भंगेला पुलिस चौकी पर चेकिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान मेरठ की ओर से आ रही एक कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर अवैध शराब की 12 पेटी बरामद की। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र गांव गनौर निवासी कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश व मंजी पुत्र राजेश बताए हैं। दोनों शराब का कारोबार काफी समय से कर रहे हैं। आरोपी दिल्ली से अवैध शराब बनवाकर जनपद मुजफ्फरनगर में सप्लाई करते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जेल भेज दिया है।