पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया
बिजनौर। डीआईजी मुरादाबाद ओंकार सिंह ने दरोगा सहजोर सिंह मलिक हत्याकांड का 20 दिन बाद भी खुलासा नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पुलिस को हत्या का खुलासा करने के लिए तीन दिन का समय दिया है।
डीआईजी ओंकार सिंह ने बुधवार की रात पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों के साथ दरोगा हत्याकांड का खुलासा करने में लगी पुलिस टीम की बैठक ली। डीआईजी ने अब तक हत्या का खुलासा नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अब तक की पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। डीआईजी ने पुलिस से मालूम किया कि दरोगा के कातिल क्यों नहीं पकड़े जा रहे हैं। पुलिस कातिल तक अब तक क्यों नही पहुंच पाई। पुलिस टीम ने डीआईजी को बताया कि पुलिस दरोगा की हत्या का खुलासा करने के लिए जी जान से लगी है। हर बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही हैं। डीआईजी ने कहा कि दरोगा के कातिल हर हाल में पकड़े जाने चाहिए। अब तक ये कातिल सलाखों के पीछे होने चाहिए थे। बैठक में एसपी अतुल शर्मा के साथ सीओ व हत्या का खुलासा करने में लगी टीम के प्रभारी मौजूद रहे।