नेशनल हाईवे पर दंपति से लूटपाट
बिजनौर। नांगल थाने के गांव बाखरपुर निवासी कुलवीर सिंह बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी के साथ बाइक से बिजनौर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात में करीब साढ़े 11 बजे बाइक से वह घर लौट रहे थे। दिल्ली पौड़ी हाईवे पर गांव पेद्दा व स्वाहेड़ी के बीच बाइक सवार तीन बदमाश पीछे से आए और कुलवीर की बाइक को रोक लिया। बदमाशों ने पहले दंपति के साथ बदसलूकी व मारपीट की व शस्त्रों के बल पर नौ हजार रुपये व पत्नी के कुंडल लूट लिए। कुलवीर सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की पर बदमाश हाथ नहीं लगे। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। शहर कोतवाल रमेशचंद शर्मा के मुताबिक लूट की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस की टीम घटना में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी है।