आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित
नींदडू़/धामपुर। ग्राम नींदडू़ में जमीन संबंधी विवाद में गोली मारकर की गई। हत्या के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन पार्टियां गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के हाथ नहीं लगने की स्थिति में गैर जमानती वारंट जारी कराने के अलावा घरों की कुर्की कराई जाएगी।
महावीर सिंह राजावत एवं कोतवाल संजय कुमार पांचाल ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात आठ बजे रियासत हुसैन की गोली मारकर की गई। हत्या के पांचों आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन पार्टियां गठित की गई। पुलिस हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए कई बार दबिश दे चुकी है। एक आरोपी समेत पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हत्याकांड में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपियों के रिश्तेदारों से बात कर उन्हें पुलिस के हवाले किया है। यदि आरोपी रविवार तक पुलिस के हाथ नहीं आते हैं, तब सोमवार को अदालत से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट लिए जाएंगे। और आरोपियों के घरों की कुर्की कराई जाएगी।
पांच स्थानों पर पुलिस व पीएसी तैनात
कस्बा नींदडू़ में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। तथा रात दिन प्रकरण पर नजर रखे है। इसी के तहत विवादित भूमि समेत पांच स्थानों पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। शनिवार को सीओ महावीर सिंह राजावत ने बताया कि रियासत हुसैन की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद से कस्बे में पुलिस व पीएसी तैनात है। सीओ के मुताबिक दिन में थाना बढ़ापुर के इंस्पेक्टर आरके सिंह, थाना नहटौर के इंस्पेक्टर अजय कुमार व थाना रेहड़ के इंस्पेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में चूना भट्टी, विवादित भूमि तथा आबादी में दो स्थानों पर दो प्लाटून पीएसी को तैनात किया है। इनके अलावा थाना कोतवाली धामपुर के चार उपनिरीक्षक यशपाल सिंह, उदयवीर सिंह, सतीश कुमार व एमएल गौतम एवं दस सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। रात में थाना हीमपुर दीपा के इंस्पेक्टर मनोज कुमार, थाना हल्दौर के इंस्पेक्टर आरके शर्मा, थाना नगीना देहात के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्लाटून पीएसी जवान के अलावा चार एसआई एवं दस सिपाही तैनात किए गए हैं।
जनाजे में उमड़ा जन सैलाब
शुक्रवार रात विवादित भूमि प्रकरण में गोली लगने से मौत का शिकार हुए रियासत हुसैन तथा उसके सदमे में हृदय गति रुकने पर तहेरे भाई नजाकत हुसैन के जनाजे में जन सैलाब उमड़ पड़ा। रियासत के भाई साजिद हुसैन ने सऊदी अरब के रियाज शहर से स्वदेश लौटकर जनाजे की नमाज में शिरकत की। इशा की नमाज के बाद दोनों भाइयों के जनाजे में हजारों लोगों ने शिरकत की। एक साथ एक ही परिवार से दो जनाजे उठने पर पुरुष महिलाओं की आंखें नम हो गईं। इस अवसर पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहीं।
सदमे से वृद्धा की मौत
रियासत और नजाकत के शवों का अंतिम दर्शन कर घर लौटी कसीर चौक मोहल्ले के स्वर्गीय हसनेन शाह की पत्नी हफीजन (69) की सदमे से मौत हो गई। मृतक के बड़े पुत्र उमर दराज ने बताया कि उसकी मां शुक्रवार की रात दोनों भाइयों के शव देखने के बाद जब घर लौटी, तब वह काफी सदमे में थी। करीब साढे़ दस बजे वह दोबारा उनके घर गई। तथा परिवार को सांत्वना देकर लौट आई। घर आकर उसने टीवी पर मृतकों का समाचार देखने की इच्छा जताई। उमर दराज की मानें तो टीवी आन करने के तुरंत बाद उसकी मां हफीजन की तबियत बिगड़ गई। तथा चिकित्सक के यहां ले जाते समय रात 12 बजे उसकी मौत हो गई।
स्थिति स्पष्ट करे हाशमी
विवादित भूमि प्रकरण में रियासत और नजाकत की मौत के बाद ग्रामीणों का कहना है कि भूमि संबंधी विवाद के निपटारे के लिए सऊदी अरब के जद्दा नगर में रहने वाले 42 बीघा कृषि भूमि के मालिक सऊद हाशमी को भारत आकर उस स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए।
पुलिस ने मिट्टी व जूता सील किया
पुलिस ने शनिवार को घटनास्थल का मुआयना किया। तथा वहां से रक्तरंजित और सादी मिट्टी के नमूने लिए। इसके अलावा पुलिस ने घटना स्थल से मृतक रियासत के खून में सना जूता बरामद कर उसे सील कर अपनी तहवील में रख लिया है। इस अवसर पर मृतक के भाई मोहम्मद राहत तथा हम्माद आदि रहे।
फिरासत की हालत बिगड़ी
नींदडू़ स्थित 42 बीधा चर्चित कृषि भूमि पर डिग्री कालेज बनाने के प्रयास में लगे भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य फिरासत हुसैन अपने भाई रियासत हुसैन की हत्या तथा दूसरे भाई नजाकत हुसैन की सदमे से हुई मौत से सदमे का शिकार हैं। शनिवार को अचानक तबियत खराब होने पर उन्हें धामपुर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
गांव में तीन थानों की फोर्स तैनात
सीओ महावीर सिंह रजावत का कहना है कि धामपुर थाने के गांव नींदडू में शांति व्यवस्था किसी भी हालत में खराब नहीं होने दी जाएगी। शांति व्यवस्था को पुलिस प्रशासन की ओर से नींदडू में तीन थानों की पुलिस, दो पलाटून पीएसी को लगाया गया है। पुलिस के अनुसार उपद्रवियों को हिदायत दी गई है कि यदि किसी ने माहौल को खराब करने का प्रयास किया तो उससे पुलिस सख्ती से निपटेगी। उधर, सीओ का कहना है कि अभी एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली थी। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। आरोपित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर मिलेगी तो पुलिस उस पर रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई अमल में लाएंगी। आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपने स्तर पर होगी जांच
कोतवाल संजय कुमार पांचाल का कहना है कि मृतक के परिजनों की ओर से दर्ज रिपोर्ट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम दबिश दे रही है। घटना वाले दिन आग में जले सभी वाहनों को एकत्र कर रानीबाग पुलिस चौकी पर जमा करा दिया। यदि आरोपियों की ओर से तहरीर नहीं आती है तो पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच कर आरोपियों का पता लगा कार्रवाई करेंगी।