राजा का ताजपुर। डीजे पर पसंद का गाना बजाने को लेकर घरातियों एवं बारातियों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दूल्हे के पिता सहित तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए डीजे स्वामी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव मुंडाखेड़ी की मंडय्यों निवासी मोहन सिंह की पुत्री की बरात नहटौर थाने के गांव रायपुर लकड़ा से आई थी। खाना खाने के दौरान वहां बज रहे डीजे पर पसंद का गाना बजाने को लेकर दूल्हे के चाचा की डीजे बजा रहे गांव रहटौली निवासी सूरज से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर घरातियों व बरातियों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में डीजे स्वामी सूरज सिंह, गजराज सिंह व दूल्हे के पिता धर्मवीर सिंह घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए डीजे स्वामी को सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, झगड़ा शुरू होने पर बरातियों में भगदड़ मच गई। गांव में रुके दूल्हे के चंद रिश्तेदारों ने मान मनोव्वल कर किसी तरह शादी की अन्य रस्में पूरी कराईं। डीजे स्वामी के पिता की ओर से इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है।