रेहड़ (बिजनौर)। कश्मीर के रहने वाले युवक की कार से कुचलकर उत्तराखंड परिवहन निगम के बस चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजने के साथ ही आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव कल्लूवाला निवासी सुभाष कश्यप (45) पुत्र नानकचंद उत्तराखंड परिवहन निगम के हरिद्वार डिपो में चालक था। वह बृहस्पतिवार की सवेरे छुट्टी पर घर आया था। सवेरे बस से उतरकर बादीगढ़ कल्लूवाला मार्ग पर पैदल जा रहा था। इस दौरान एक स्कार्पियो कार ने उसे कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक को पीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से भागने कोशिश कर रहे कार चालक को बादीगढ़ चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। एसओ सनोज कुमार ने बताया कि कार चालक वशीर अहमद कोली पुत्र रमतुल्ला निवासी कस्बा चुपशाह, कश्मीर को हिरासत में लिया गया। मृतक के भाई राकेश कुमार ने घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।