वाल्मीकि समाज के लोगों ने तहसील में किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। वाल्मीकि समाज ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। डीएम ने थाना प्रभारी को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन थाने में देरशाम तक भी इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सूद के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोग तहसील पहुंचे। नागरिकों ने एक स्थानीय समाचार पत्र के संपादक के खिलाफ नारेबाजी की। उनका प्रतिनिधिमंडल डीएम जगतराज से मिला। उनका आरोप था कि समाचार पत्र में महर्षि वाल्मीकि से संबंधित आपत्तिजनक लेख प्रकाशित किया गया है, इससे वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाचार पत्र ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना की है।
प्रदर्शनकारियों ने संपादक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। इस पर डीएम ने थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने को कहा। प्रदर्शनकारियों में अरविंद सूद, आदेश वैद्य, रमेश पहलवान, सुरेंद्र वाल्मीकि, अशोक कुमार, मगनलाल, रूपेश, देशराज, लक्ष्मण, राजू, भंवर सिंह, कल्लू, संजय आदि शामिल थे।