भोगनवाला में दो पक्ष भिड़े, 12 घायल
गंज दारानगर। जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए । दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और जमकर पथराव भी हुआ। पथराव के कारण चौराहे में अफरातफरी मच गई। संघर्ष में 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बिजनौर रेफर किया गया है। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांवभोगनवाला निवासी मुस्तकीम व जमीर के बीच गंज में हल्दौर चौराहे के समीप पड़ी एक पारिवारिक भूमि पर मालिकाना हक को लेकर पिछले काफी दिनों से विवाद चला रहा है। दोनों पक्ष जमीन को अपनी बताते हैं। जमीर का परिवार विवादित जमीन पिछले कुछ समय से कब्जा करके रह रहा है। सोमवार दोपहर दोनों पक्षों में जमीन पर कब्जे को लेकर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार चल गए। दोनों पक्षों में पथराव भी शुरू हो गया। पथराव से हल्दौर चौराहे पर भगदड़ मच गई। पथराव में एक पक्ष से जमीर पुत्र मजीद दुल्ला, इरफान पुत्र जमीर व जमीर का रिश्तेदार असलम पुत्र अकबर निवासी मंडावली और दूसरे पक्ष के वसीम पुत्र मुस्तकीम, मुस्तकीम पुत्र छिद्दू शाहिद पुत्र वहीद इमराना पत्नी शाहिद सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष के हमलावर फरार हो गए। पुलिस घायलों को लेकर बिजनौर आई। घायलों को जिला अस्पताल में दाखिल कराया। शहर कोतवाली के एसएसआई नरेंद्र गौड़ के मुताबिक दोनों पक्षों के घायलों ने जिला अस्पताल में अपना मेडिकल कराया है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज होगी।