नजीबाबाद। नगर के एक प्रतिष्ठित परिवार के घर में चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। परिजन एक शोक कार्यक्रम में मेरठ गए हुए थे।
नगर के मोहल्ला टकसाल में कारोबारी अवधेश जैन का परिवार रहता है। अवधेश जैन के ससुर का हाल ही में निधन हो गया था। मंगलवार दोपहर अवधेश जैन, उनकी पत्नी सुषमा जैन, पुत्र सौरभ जैन शोक कार्यक्रम में शामिल होने मेरठ गए थे। बृहस्पतिवार को तेरहवीं थी। इसके बाद परिजनों को वापस नजीबाबाद लौटना था। मगर बृहस्पतिवार सुबह अवधेश जैन के घर के नजदीक रहने वाले उनके संबंधी दीपक जैन को घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। दीपक जैन को शक हुआ कि तेरहवीं से पहले परिजन घर कैसे लौट आए, दीपक जैन ने घर के भीतर जाकर देखा, तो घर पर सामान बिखरा पड़ा था।
कारोबारी अवधेश जैन के घर में चोरी की घटना से दीपक जैन स्तब्ध रह गए। उन्होंने नीरज जैन, अजय जैन एवं पुलिस को घटना की सूचना दी। एसआई संजय त्यागी, संजय सिंह मौके पर पहुंच गए। चोरों ने अवधेश जैन के बंद पड़े घर को बड़ी आसानी से खंगाला। घर के ऊपरी हिस्से में संदूक के अलावा अलमारियों और डबल बेड के बॉक्स में रखा सामान खंगाल डाला। चोरों ने घर पर रखी मिठाई भी खाई। चोरी की सूचना फोन से अवधेश जैन को दी गई। उन्होंने बताया कि दोपहर तेरहवीं की रस्म होने के बाद वे नजीबाबाद पहुंचकर चोरी में हुए नुकसान की बाबत बता सकेंगे। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं सौंपी गई थी।