चचेरे भाई की हत्या
का आरोपी दबोचा
हल्दौर (बिजनौर) (ब्यूरो)। पुलिस ने सात अप्रेल को चचेरे भाई की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सात अप्रैल को गांव खासपुरा निवासी सरदार अमरीक सिंह निर्माणाधीन मकान की तराई कर रहे थे। पड़ोसी चचेरे भाई अमरजीत सिंह के घर में पानी गिर जाने को लेकर दोनों में विवाद हो गया। मारपीट के दौरान अमरीक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसके पुत्र अंकित ने दो महिलाओं सहित सात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस केस में फरार चल रहे हत्यारोपी सरदार गुरचरण सिंह को मुखबिर की सूचना पर अम्हेड़ा तिराहे से बुधवार को दबोच लिया। गुरचरण की पत्नी सतनाम व बेटे सन्नी सहित चार आरोपी अभी फरार हैं। गुरचरण का कहना है कि वह हत्या के समय नेपाल और उसकी पत्नी व बेटे महाराष्ट्र में थे। उन पर हत्या का आरोप गलत है। उसका कहना है कि पांच जून को उनकी बेटी की शादी तय थी। कई दिन तक मकान बंद रहने से चोरों ने घर से दहेज का सामान चुरा लिया है। इस वजह से उसकी बेटी की शादी भी टूट गई है। कार्यवाहक एसओ राम सिंह का कहना है कि चोरी का मामला संज्ञान में नहीं है।