अफजलगढ़ (बिजनौर)। खुशहालपुर गांव में कुंबल लगाकर हुई करीब 13 लाख रुपये की चोरी के खुलासे में पुलिस की कारगुजारी सामने आई है। पूर्व में एक खुलासे में पुलिस ने मात्र दो हजार रुपये बरामद और एक चोर की गिरफ्तारी दिखा कर पल्ला झाड़ लिया था। शिकायत पर जांच हुई तो पहले खुलासे को गलत बताते हुए अब एक दूसरे चोर को गिरफ्तार दिखाया है। सोने के दो झाले, अंगूठी, चांदी की पाजेब के अलावा 600 ग्राम चरस बरामद किए है।
एक अगस्त 2017 की रात चोरों ने गांव खुशहालपुर में ऋषि कुमार के घर में कुंबल लगाकर 32 तोले सोना, एक किलो चांदी, तीन लाख रुपये समेत करीब 13 लाख रुपये का सामान समेट लिया था। थाना पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए मात्र दो हजार रुपये की बरामदगी दिखाते हुए आरोपी संजय पुत्र ब्रह्मपाल निवासी प्रेमपुरी, अफजलढ़ को गिरफ्तार किया था। पीड़ित परिवार को एसएसआई तिरसपाल शर्मा का यह खुलासा गले नहीं उतरा। शिकायत पर एसपी अतुल शर्मा ने मामले की जांच धामपुर कोतवाल राजेश चौहान को सौंपी थी। कोतवाल राजेश चौहान ने सर्विलांस के आधार पर चोरी का खुलासा करते हुए अब इदरीश अहमद निवासी गांव अलीनगर, सितारगंज (उत्तराखंड) को धामपुर आरएसएम तिराहे से दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया खुशहालपुर की चोरी में उसका बेटा रहीस और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी से सोने के दो झाले, अंगूठी, चांदी की पाजेब के अलावा 600 ग्राम चरस बरामद की है। पकड़ में आए आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे पंजीकृत हैं। चोरी का खुलासा करने में एसआई कर्मजीत सिंह, नरेश कुमार, प्रवेश कुमार शामिल रहे। उधर, कोतवाल राजेश चौहान का कहना है कि पूर्व में किया गया खुलासा गलत था। इदरीश के फरार दोनों साथियों को गिरफ्तार कर शीघ्र जेल भेजा जाएगा। पुलिस टीम गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।