रेहड़। काशीपुर से हरियाणा चावल लेकर जा रहे ट्रक को बोलेेरो सवार पांच बदमाशों ने लूटने की कोशिश की। बदमाशों ने ट्रक को रोककर ड्राइवर को तमंचे की बट मारकर बेहोश कर दिया। अचानक पीछे से वाहन आने पर बदमाश भागे। ट्रक चालक की हालत चिंताजनक बनी है। वहीं पुलिस घटना से इनकार कर रही है।
हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी चालक जयपाल पुत्र रूपराम बृहस्पतिवार की रात काशीपुर की एक राइस मिल से दस टायरा ट्रक में चावल लेकर हरियाणा के लिए जा रहा था। रास्ते में उसके पीछे बदमाश लग गए, परंतु ट्रक चालक को बदमाशों का कुछ पता नहीं लगा। उत्तराखंड का बॉर्डर पार करने के बाद बदमाशों ने रेहड़ थाना क्षेत्र में चोर खले की पुलिया के पास ट्रक को सफेद बुलेरो से ओवरटेक करके रोक लिया। बोलेरो में सवार चार बदमाश ट्रक में हथियार लेकर चढ़ गए। बदमाशों ने ट्रक चालक से हाथापाई कर ट्रक लूट की कोशिश की। जब ट्रक चालक ने बदमाशों को काबू नहीं दिया तो उन्होंने तमंचे की बट मारकर उसे बेहोश कर दिया। बदमाश बेहोश ट्रक चालक को उतारकर नीचे फेंक ही रहे थे कि पीछे से कोई वाहन आ गया। इससे बदमाशों के हाथपांव फूल गए। बदमाश ट्रक चालक को मौके पर ही पड़ा छोड़ भाग निकले। ट्रक चालक ने जैसे तैसे होश आने पर ट्रक को वहां से भगाया। जब वह ट्रक नहीं चला सका तो मानियावाला ट्रक खड़ा कर उसने डॉयल 100 पर फोन कर दिया। ड्राइवर के फोन करते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गंभीर हालत में चालक को सीएचसी में भर्ती कराया। चालक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर एसओ बिजेंद्र सिंह राणा का कहना है कि घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी।