अफजलगढ़ (बिजनौर)। जटपुरा नहर के पास मृत मिले उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर के गांव बिसाई मजरा के छात्र नरेंद्र सिंह की गोली मार कर हत्या की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर दी है।
बुधवार की सुबह गांव जटपुरा की नहर के पास एक युवक का शव पड़ा मिला था। पहचान उत्तराखंड के काशीपुर के राधे हरि डिग्री कॉलेज के एमए के 25 वर्षीय छात्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई थी। पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र सिंह मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे घर से कॉलेज जाने के लिए कहकर निकला था। उसके पास मिले कागजात आदि उसकी पहचान हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कोतवाली प्रेमवीर सिंह राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नरेंद्र के सिर में गोली फंसी मिली, जिससे उसकी मौत हुई है। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लगता है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
उधर, मामले का जल्द खुलासा करने की मांग को लेकर नरेंद्र के परिजन कोतवाल प्रेमवीर राणा से मिले और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस दौरान पिता महेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, मुकेश कुमार, नरपत सिंह, फूल सिंह, जयदीप सिंह, अंकुर, संदीप, आनंद, रामपाल, चंदन सिंह, ओमप्रकाश, विजेंद्र, गोपाल, ताहिर हुसैन शामिल रहे।