दो लाख पच्चीस हजार की नकदी चोरी
- मेडिकल स्टोर खोलने के लिए किए थे जमा
अमर उजाला ब्यूरो
जलीलपुर।
गांव नवादा में चोरों ने घर में प्रवेश कर दो लाख पच्चीस हजार चोरी कर लिए। चोरी का पता सुबह परिजनों के जागने पर लगा।
गांव नवादा निवासी इरशाद सैफी ने मेडिकल स्टोर खोलने के लिए घर पर अलमारी में दो लाख पच्चीस हजार पांच सो रुपये रखे हुए थे। सोमवार को सामान खरीदने जाना था। रविवार को देर शाम खराब मौसम के चलते इरशाद सैफी, पत्नी और बच्चे अपने कमरे में न सोकर मकान में ही बने दूसरे कमरे में सो रहे थे। सोमवार की सुबह को इरशाद सैफी की पत्नी जब अपने कमरे में सफाई करने गई तो अस्त व्यस्त सामान और खुली अलमारी देख कर उसके होश उड़ गए। कमरे की हालत देख तुरंत सामान देखना शुरू किया तो इसमें नकदी गायब मिली। परिजनों ने बताया जिस कमरे की अलमारी में रुपये रखे थे ,उसके लिंटर में लिकेज है। इस कारण खराब मौसम के चलते परिवार दूसरे कमरे में सोया था। रात में किसी समय चोरों ने घर में प्रवेश कर नकदी साफ कर दी । इरशाद सैफी बहुत दिनों से मेडिकल स्टोर खोलने की तैयारी कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कमरे के हालात देखने से आभास होता है, जैसे चोर को रुपये रखे होने का सही स्थान मालूम नहीं था ,तभी उसने कमरे में रखी छोटी बड़ी तीनों अलमारी में नकदी की तलाश की ।