छात्र का शव पेड़ पर लटका मिला
नांगलसोती/नजीबाबाद। गांव सुंगरपुरबेहड़ा निवासी स्कूली छात्र का शव गांव के निकट पेड़ पर लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसके साथी छात्र और उसके पिता के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
नांगलसोती के गांव सुंगरपुरबेहड़ा निवासी सुखपाल का 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार नूतन इंटर कॉलेज तिसोतरा में कक्षा नौ में पढ़ता है। मंगलवार को घर से स्कूल के लिए गया था। उसके शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। पूरी रात परिजन रोहित को तलाशते रहे। बुधवार की सवेरे घर से कुछ फासले पर आनंद के खेत में नीम के पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। उसके गले में फंदा पड़ा था। सूचना मिलते ही छात्र रोहित के परिजन और नांगलसोती पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। परिजनों ने सुंगरपुरबेहड़ा निवासी रोहित के सहपाठी छात्र मनोज और उसके पिता सुरेंद्र के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर पुलिस को सौंपी है। परिजनों का आरोप है कि जब रोहित के लापता होने के बारे जानकारी की, तो मनोज ने उन्हें गुमराह किया। उधर, स्कूल सूत्रों के अनुसार रोहित दो दिन से स्कूल नहीं पहुंचा था। मनोज भी घटना वाले दिन स्कूल नहीं आया था। नांगल पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। उधर, पुलिस ने मृतक छात्र के पिता की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की आशंका का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। आरोपी छात्र मनोज और उसके पिता सुरेंद्र पुलिस को नहीं मिल सके हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।