धामपुर। कालागढ़ मार्ग पर एनसीसी कार्यालय के निकट नाला खुदाई के दौरान पिलखन का विशालकाय के पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। हादसे के दौरान मार्ग पर गुजर रहे नरेश 58 वर्षीय पुत्र बाबूराम निवासी सुहागपुर की मौत हो गई। धामपुर से शेरकोट के बीच मार्ग चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे नाले की खुदाई का कार्य चल रहा है। रविवार को एनसीसी कार्यालय के निकट नाला खुदाई के बाद सड़क किनारे खड़ा पिलखन का विशालकाय पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान सड़क पर जा रहे ग्राम सुहागपुर निवासी बाइक सवार नरेश पेड़ की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल नरेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया । जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।