मंडावली। कार को बचाने के प्रयास में एक ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर एक किराना की दुकान में जा घुसा। गनीमत यह रही कि उस समय दुकान बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्राॅले व चालक को थाने ले आई।
थाना नगीना देहात क्षेत्र के गांव रायपुर सादात निवासी हिरेंद्र कुमार ट्रैक्टर-ट्रॉले में भरकर गांव आलम सराय गया था। बिजली के खंभे उतारकर लौटते समय हिरेंद्र जैसे ही मंडावली अड्डे के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर-ट्राॅला सड़क किनारे नसीम की किराना की बंद दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान का शटर, इनवर्टर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इतना ही नहीं, दुकान के पास खड़ी गांव मंझाड़ी निवासी सचिन की बाइक भी ट्राले की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानदार नसीम की तहरीर पर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।