हीमपुर दीपा के गांव अजुपुरा जट के जंगल में गुलदार के हमले में घायल मुनीश उर्फ मोनू।
हीमपुर दीपा। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे खेत में काम कर रहे अजुपुरा जट निवासी मुनीश पर गुलदार ने हमला कर दिया। यह देखकर पास के खेत में काम कर रहा उसका तयेरा भाई संदीप दरांती लेकर गुलदार से भिड़ गया। कुछ ही देर में आसपास के खेतों से लोगों की भीड़ जमा हो गई जिस पर गुलदार भाग गया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए।
दोनों भाई सुबह खेतों पर गए थे और आसपास ही काम कर रहे थे। इस दौरान एक गुलदार किसान किशोरी सिंह के गन्ने के खेत से निकल कर आया और मुनीश पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर पास में काम कर रहा भाई संदीप मदद के लिए पहुंच गया।
वह मुनीश को छुड़ाने के लिए दरांती लेकर गुलदार से भिड़ गया। इस बीच शोर सुनकर जंगल में काम कर रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखकर गुलदार वहां से गन्ने के खेत में भाग गया। गुलदार के हमले में दोनों भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ भेज दिया है। घटना से ग्रामीण डरे हुए हैं। संवाद