शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर काबड़ौत पुल के निकट बस खाई में उतरने से महिला व बच्चों समेत 20 से अधिक श्रमिक घायल हो गए। उधर, आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बाइक सवार को बचाते समय तीन वाहन आपस में भिड़ने से पिकअप सवार दो पशु व्यापारी व चालक घायल हो गए।
जिला लखीमपुर, पीलीभीत और बरेली से डबल डैकर बस मंगलवार रात को करीब 75 श्रमिकों को लेकर शामली होते हुए जालंधर जा रही थी। श्रमिकों को वहां पर सड़क निर्माण कार्य के लिए ले जाया जा रहा था। बस में श्रमिकों के परिवार की महिलाएं व बच्चे भी सवार थे।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे बस शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव काबड़ौत पुल के निकट पहुंची तो अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में उतर गई और पलटने से बची, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में सीटों से उछलकर इधर-उधर गिरने से महिला व बच्चों समेत 20 से अधिक श्रमिक घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे में रमेश व पिंकी निवासी लखीमपुर खीरी को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। इसके अलावा बाला निवासी गोकुलनाथ, विकास बहेड़ी, चीनू, प्रीति, भोलू, सतीश व सुमन निवासी पीलीभीत समेत 20 से अधिक लोग घायल हुए। पुलिस ने उपचार के बाद दूसरे वाहनों से श्रमिकों को भेजा। इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। दूसरा हादसा बुधवार दोपहर को आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर निजी अस्पताल के निकट कट पर हुआ। पशु व्यापारी मुशर्रफ व जाहिद निवासी खेड़ा अफगान पारसी पैठ से दो पशु खरीदकर पिकअप से सहारनपुर ले जा रहे थे।
पिकअप को इखलाक निवासी गांव नादा जिला सहारनपुर चला रहा था। उनसे आगे चल रही कार में सवार जुबेर खान निवासी भूड़ माजरा यमुना नगर दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। जब वे कट पर पहुंचे तो उनकी कार के सामने अचानक बाइक आ गई। बाइक को बचाते समय कार ने अचानक ब्रेक लगाए तो पीछे से पिकअप की टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी कार पिकअप से भिड़ गई। इस कार में कृष्ण मुरारी व भोला यादव बिहार से सहारनपुर की तरफ जा रहे थे। हादसे में मुशर्रफ, जाहिद व चालक इखलाक गंभीर घायल हुए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई।