बिजनौर। टी-20 वर्ल्डकप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला है। फाइनल मैच को लेकर जिले में क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारतीय टीम की जीत के लिए कुछ क्रिकेट प्रेमी व्रत रखेंगे तो कुछ जगह यज्ञ भी होगा। युवाओं ने पूजा अर्चना कर टीम की जीत के लिए कामना करने का संकल्प लिया।
जिले के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं। लोग टीवी, मोबाइल और एलईडी स्क्रीन पर मैच देखने की तैयारी कर रहे हैं। शहर की वर्धमान क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास करने वाले युवा खिलाड़ियों ने भी भारतीय टीम के समर्थन में पूजा अर्चना करने का संकल्प लिया है। शारीरिक शिक्षा के असिस्टेंट प्रोफेसर ने कहा कि वह फाइनल मैच में टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना करेंगे और दिन में केवल एक समय ही खाना खाएंगे। खिलाड़ियों का मानना है कि पूरी टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और फाइनल में भी जीत भारत की होगी।
एकेडमी के खिलाड़ी हृदयांश श्रीवास्तव, अभिमन्यु शर्मा और उत्कर्ष शर्मा ने बताया कि वह पूजा अर्चना कर भगवान से भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना करेंगे। वहीं, खिलाड़ी आकिब अहमद ने भारतीय टीम की जीत के लिए इबादत करने की बात कही। उनका कहना है कि खेल देश को जोड़ने का माध्यम है। भारत की जीत को लेकर वह काफी उत्सुक है।
गायत्री शक्तिपीठ पर होगा यज्ञ
शहर के गायत्री शक्तिपीठ में भी भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ में आहुति देकर टीम इंडिया की सफलता और खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन की कामना की जाएगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
वर्ल्डकप से पहले स्टेडियम में मैच
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में वर्ल्डकप की ओर से सदर विधायक की ओर से मैच का आयोजन किया जा रहा है। यह मैच मोहम्मदपुर देवमल और मंडावर टीम के बीच सुबह सात सेे खेला जाएगा। इसको लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां चल रही हैं।